जीवन परिचय-
केदारनाथ सिंह का जन्म वर्ष 1934 में उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में चकिया नामक गाँव में हुआ था। उन्होंने बनारस विश्वविद्यालय से वर्ष 1956 में हिन्दी में एम. ए. और वर्ष 1964 में पीएच. डी. की उपाधि प्राप्त की। वे अनेक कॉलेजों में पढ़ाते हुए अन्त में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, दिल्ली में हिन्दी के विभागाध्यक्ष पद से सेवानिवृत्त हुए। उनकी कविता में गाँव एवं शहर का द्वन्द्व स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। ‘बाघ’ नामक लम्बी कविता को नई कविता के क्षेत्र में मील का पत्थर माना जाता है।

श्री केदारनाथ सिंह को उनकी कविता ‘अकाल में सारस’ के लिए वर्ष 1989 का साहित्य अकादमी पुरस्कार, मैथिलीशरण गुप्त सम्मान, दिनकर सम्मान, जीवन भारती सम्मान और व्यास सम्मान दिया गया है। हिन्दी साहित्य अकादमी के वर्ष 2009-10 के प्रतिष्ठित और सर्वोच्च शलाका सम्मान से उन्हें सम्मानित किया। साहित्य का सर्वोच्च पुरस्कार ‘ज्ञानपीठ पुरस्कार’ वर्ष 2013 का प्रो. केदारनाथ को प्रदान किया गया।केदारनाथ सिंह की कविताओं की सबसे बड़ी विशेषता है-अपनी संस्कृति, सभ्यता, भाषायी सिद्धपन, मानवता और अपनी ज़मीन से जुड़े रहना। इनसे उनका जुड़ाव शाश्वत और सकारात्मक है। उनकी कविताओं में सर्वत्र निराशा में भी आशा की किरण दिखाई देती है, पतझड़ में वसन्त की आहट सुनाई देती है। जन-जन में मानव-मूल्यों के संचार का प्रयास भी हर पद में दिखाई देता है। उनकी यह विशेषता उन्हें अन्य कवियों से सबसे अलग, किन्तु उच्च स्तर पर खड़ा करती है। किन्तु उसकी प्रवाहमयता नदी के समान अविरल है। वे काव्य की भाषा का परिष्कार करते हुए दिखाई देते हैं। उनका झुकाव भाषा की मुक्ति की ओर है।
कृतियाँ (रचनाएँ)-
केदारनाथ सिंह की प्रमुख कृतियाँ निम्नांकित हैं-
- अभी बिल्कुल अभी
- जमीन पक रही है
- यहाँ से देखो
- अकाल में सारस
- उत्तर कबीर और अन्य कविताएँ
- बाघ
भाषा शैली-
केदारनाथ सिंह की भाषा अत्यन्त सरल व स्पष्ट है। इनकी भाषा के सम्बन्ध में कहा गया है कि भाषा को लेकर यह निरन्तर निरीक्षण करते दिखाई देते हैं कि भाषा कहाँ है, कैसे बचेगी और कहाँ विफल है और कहाँ विकसित किए जाने की आवश्यकता है। इनकी शैली मानव-मूल्यों के संचार के लिए सदैव प्रयासरत रही है, जिसमें मनुष्य की कभी न नष्ट होने वाली ऊर्जा तथा अदम्य जिजीविषा है। इन्होंने मुक्तक शैली का प्रयोग किया है।
हिन्दी साहित्य में स्थान-
हिंदी साहित्य में केदारनाथ सिंह का स्थान आधुनिक हिंदी कविता के प्रमुख कवियों में है। वे नई कविता आंदोलन के महत्वपूर्ण कवि माने जाते हैं। उन्होंने अपनी कविताओं में ग्रामीण जीवन, प्रकृति, मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक यथार्थ का प्रभावशाली चित्रण किया है।
सरल भाषा, नवीन बिंबों और गहरी संवेदनाओं के कारण उनकी रचनाएँ हिंदी साहित्य में विशेष स्थान रखती हैं। आधुनिक हिंदी कविता को समृद्ध बनाने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है।
सम्मान एवं पुरस्कार –
केदारनाथ सिंह को हिंदी साहित्य में महत्वपूर्ण योगदान के लिए अनेक सम्मान और पुरस्कार प्राप्त हुए। उन्हें वर्ष 2013 ई० में हिंदी साहित्य के सर्वोच्च सम्मान ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त उन्हें साहित्य अकादमी पुरस्कार, व्यास सम्मान, मैथिलीशरण गुप्त सम्मान आदि अनेक प्रतिष्ठित पुरस्कार भी प्राप्त हुए।
निधन –
केदारनाथ सिंह का निधन 19 मार्च 2018 ई० को नई दिल्ली में हुआ।








